रायगढ़ के वेदांत साहू ने ताइक्वांडो में जीता स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

रायगढ़, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रायगढ़ के होनहार खिलाड़ी वेदांत साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक हासिल किया है। वेदांत ने बिलासपुर जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-14 आयु वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
वेदांत साहू की इस उपलब्धि से रायगढ़ जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर उन्होंने न केवल स्वर्ण पदक अपने नाम किया, बल्कि जिले का गौरव भी बढ़ाया है। उनकी सफलता को कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन पूर्व सांसद एवं रायपुर विधायक सुनील सोनी की मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राम जी सतीश कुमार, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी छाया प्रकाश राव, संचालक राकेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वेदांत की इस उपलब्धि की जानकारी रायगढ़ के ताइक्वांडो कोच विकास सिंह, लता श्रीवास एवं नटवर आत्मानंद हाई स्कूल रायगढ़ के खेल शिक्षक अभिषेक गुप्ता ने दी। उन्होंने वेदांत के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना जिले के लिए गर्व की बात है।
वेदांत साहू की इस सफलता से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। अब वे राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।




