धमतरी में चिट्टा बेचते युवक गिरफ्तार, कार और मोबाइल समेत 4.52 लाख का सामान जब्त, ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

धमतरी, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत कोतवाली पुलिस ने पीजी कॉलेज मैदान के पास कार में चिट्टा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा, हुंडई कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 52 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक युवक कार में मादक पदार्थ रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान आशुतोष उर्फ आशु तिवारी, पिता मनसुखलाल तिवारी, निवासी आमातालाब, इंडोर स्टेडियम के पास धमतरी के रूप में हुई। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए है। इसके अलावा पुलिस ने करीब 4 लाख रुपए कीमत की हुंडई कार और 42 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 263/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने में सहयोग मिल सके।




