रायपुर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, पचपेड़ी नाका और एमएमआई अंडरब्रिज के नीचे चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, बस स्टॉपेज हुए खाली

रायपुर, 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज और एमएमआई अंडरब्रिज के नीचे लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई से बस संचालकों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, मुख्य मार्गों पर लगने वाले यातायात जाम की समस्या भी कम हो सकेगी।
दरअसल, 14 अक्टूबर 2026 को डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में बस ट्रांसपोर्टर्स, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), नगर निगम और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बस संचालकों ने पचपेड़ी नाका और एमएमआई अंडरब्रिज के नीचे यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए निर्धारित स्थानों पर फल और सब्जी के ठेले लगाकर अतिक्रमण किए जाने की समस्या उठाई थी।
बस संचालकों ने बताया कि निर्धारित बस स्टॉपेज पर अतिक्रमण होने के कारण बसों को मजबूरन मुख्य सड़क पर रोकना पड़ता है। इससे यातायात बाधित होता है और सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही यात्रियों के चढ़ने-उतरने के दौरान दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ट्रैफिक ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
बैठक में लिए गए निर्णय के बाद शनिवार को यातायात पुलिस और नगर निगम के उड़नदस्ते ने संयुक्त अभियान चलाकर पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज और एमएमआई अंडरब्रिज के नीचे से अवैध कब्जे और ठेले हटाए। कार्रवाई के बाद बसों के ठहराव के लिए निर्धारित स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इससे अब बसों का व्यवस्थित संचालन हो सकेगा और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बसों में चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, ओवरब्रिज के नीचे और बस स्टॉपेज पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नगर निगम के सहयोग से आगे भी अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही यातायात पुलिस ने फल-सब्जी विक्रेताओं और फुटकर व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों, चौराहों और बस स्टॉपेज पर ठेले या दुकान लगाकर यातायात बाधित न करें। व्यापारियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करने की सलाह दी गई है, ताकि शहर की सड़कों पर यातायात सुचारू रहे और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।




