Chhattisgarh

कोरबा-जांजगीर में सड़क और पुल निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, PWD सचिव ने किया निरीक्षण, दिसंबर तक इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का पुल पूरा करने के निर्देश

कोरबा/जांजगीर-चांपा, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पामगढ़ और कोरबा में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माणाधीन, स्वीकृत और प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।

कोरबा में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सचिव बंसल ने सीजीआरआईडीसीएल योजना के तहत निर्माणाधीन कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा मार्ग (इंडस्ट्रियल कॉरिडोर) की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इस मार्ग पर खोलार नाला में बन रहे उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रैश बैरियर पर हैंडरेल लगाने को कहा।

सचिव बंसल ने इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मार्ग पर खोलार नाला के आसपास कटाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल, पिचिंग और अन्य सुरक्षा कार्य कराने के संबंध में कोरबा कलेक्टर को निर्देश दिए। इसके अलावा सीपत-बलौदा-कोरबा (कुदुरमाल) मार्ग पर हसदेव नदी में उच्च स्तरीय फोरलेन पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में बिलासपुर सेतु संभाग के अधिकारियों ने बताया कि धनवारपारा (सलनी)-नवागांव मार्ग पर बोराई नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि, इस मार्ग पर 905 मीटर बिटुमिनस (बीटी) सड़क निर्माण कार्य शेष है। सचिव ने अधिकारियों को वर्तमान अनुबंध के अनुसार शेष कार्य जल्द पूरा कर अनुबंध समाप्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए 1200 मीटर अतिरिक्त बीटी सड़क निर्माण के लिए अलग से पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने को कहा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई हो सकेगी।

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव बंसल ने अधिकारियों को पूर्व वर्षों में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के अंतिम देयकों से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने और पीडब्ल्यूएमआईएस (PWMIS) पोर्टल पर अद्यतन जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पामगढ़ रेस्ट हाउस में साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने को भी कहा।

लोक निर्माण विभाग के सचिव के इस दौरे में कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले की महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से औद्योगिक क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button