छत्तीसगढ़ में 12 पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नति, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

रायपुर, 15 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त 12 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), सहायक सेनानी अथवा समकक्ष रैंक के पद पर पदोन्नति के लिए स्थानापन्न नियुक्ति देने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 15 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों की पदस्थापना के संबंध में विभागीय पदोन्नति एवं छानबीन समिति की बैठक 17 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। समिति की अनुशंसाओं के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक (राजपत्रित) सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2005 के नियम 14 एवं 23 और अनुसूची-पांच में निहित प्रावधानों के तहत यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में जिन 12 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सहायक सेनानी अथवा समकक्ष रैंक के पद पर स्थानापन्न नियुक्ति प्रदान की गई है, उनमें सुरेन्द्र साय पैकरा, संजय कुमार ध्रुव, माधुरी धीरही, अखिलेश कौशिक, राजेश देवांगन, स्मितुल साहू, धनश्याम कामड़े, दिनेश्वरी नंद, मनीष कुमार कंवर, दीपिका मिर्ज, अनुप कुमार लकड़ा और मंजुलता बाज शामिल हैं।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारियों के पदस्थापना आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। इससे अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों और पदस्थापना स्थल की जानकारी पृथक आदेश जारी होने के बाद सामने आएगी।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार गृह विभाग के उप सचिव रामप्रसाद चौहान द्वारा जारी किया गया है।





