धमतरी: जवाहर नवोदय विद्यालय कुरूद में नशामुक्ति और साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को बताए नशे के दुष्परिणाम और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय

धमतरी, 15 अक्टूबर 2026। धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में SP भावना पांडेय के निर्देशन में थाना कुरूद पुलिस ने पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, कुरूद में नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और ऑनलाइन ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर गंभीर प्रभाव डालती है। नशे से दूर रहकर ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
डॉ. महावर ने विद्यार्थियों को खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

कार्यक्रम में साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और आकर्षक ऑनलाइन ऑफर के माध्यम से लोगों की व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।
विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी और यूपीआई पिन साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
धमतरी पुलिस ने बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों तथा साइबर अपराधों से बचाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन अपनाने, डिजिटल सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित पुलिस थाने को देने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, TI कुरूद निरीक्षक कमलेश ठाकुर, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




