ChhattisgarhSports

नवा रायपुर में फिर दिखेगा क्रिकेट का रोमांच, भारत-जिम्बाब्वे महिला टी20 सीरीज से पहले दोनों कप्तानों ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, स्मृति मंधाना बोलीं- हर मैच खेला जाएगा अक्रामक

India-Zimbabwe Women’s T20 Series: राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में महिला क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलने वाला है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज होने जा रहा है। मुकाबलों की शुरुआत से ठीक पहले दोनों टीमों की कप्तानों ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी तैयारियों और मैदान के मिजाज पर चर्चा की।

बेहतर प्रदर्शन और 2028 विश्व कप की तैयारी पर जोर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी, इसलिए यह मुकाबला दोनों पक्षों के लिए नया अनुभव रहेगा। उन्होंने बताया कि टीम पिछले दो दिनों से इसी मैदान पर लगातार अभ्यास कर रही है, जिससे खिलाड़ियों को यहां की पिच और परिस्थितियों का अच्छा अंदाजा हो चुका है।

मंधाना ने साझा किया कि पिछले डेढ़ साल में टीम ने कई क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में छोटी-छोटी कमियों को दूर कर टीम अपने प्रदर्शन को और बेहतर बना सकती है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को टीम की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरेंगे। इसके साथ ही, टीम का ध्यान केवल तत्काल नतीजों पर नहीं है; फिटनेस और खेल के हर विभाग में लगातार सुधार दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। पिछले दो टी-20 विश्व कप में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाने से मिली सीख पर टीम काम कर रही है और इस जिम्बाब्वे सीरीज को 2028 के विश्व कप की तैयारी की एक अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

पिच का मिजाज और आक्रामक रणनीति

पिच के मिजाज पर बात करते हुए मंधाना ने माना कि यह एक बेहतरीन बैटिंग पिच है, जिस पर बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है और भारतीय टीम रायपुर में आक्रामक क्रिकेट खेलने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं, गेंदबाजों का मुख्य लक्ष्य जिम्बाब्वे को दबाव में रखकर कम स्कोर पर रोकना होगा।

कप्तानी को लेकर मंधाना ने स्पष्ट किया कि कप्तानी की जिम्मेदारी से उनके निजी खेल और बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ेगा; मैदान पर उनका मुख्य फोकस अपने स्वाभाविक खेल पर रहेगा। उन्होंने नेतृत्व में स्पष्ट संवाद, भरोसे और परिस्थितियों के अनुसार तेज फैसलों पर जोर देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य ऐसी टीम तैयार करना है जो किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर न रहे। हर खिलाड़ी को उसकी भूमिका समझाना और आत्मविश्वास देना उनके नेतृत्व का अहम हिस्सा है।

तीसरे नंबर के लिए कई विकल्प और युवा खिलाड़ियों को मौका

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी सामने आया कि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टीम के पास कई विकल्प मौजूद हैं। जेमिमा रोड्रिग्स की चोट के बाद अनुष्का, निक्की और कोमलिका जैसी युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला है। मंधाना ने जोर देकर कहा कि यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को राष्ट्रीय स्तर पर साबित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

जिम्बाब्वे टीम की रणनीति

दूसरी ओर, जिम्बाब्वे महिला टीम की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी टीम का पक्ष रखते हुए कहा कि वे इस सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रायपुर की पिच के बारे में उनका कहना था कि यहां के विकेट में गेंदबाजों के लिए अच्छी गति (स्पीड) है और स्टेडियम का दायरा काफी बड़ा है, जिसे ध्यान में रखकर वे अपनी रणनीति तैयार कर रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि टीम बिना किसी अति-उत्साह के अपने बेसिक्स पर पूरा फोकस कर रही है ताकि मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन किया जा सके।

महिलाओं के लिए रहेगी निःशुल्क एंट्री

सबसे खास बात यह है कि इस मुकाबले में महिलाओं के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क कर दिया है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं मैच में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर सकें।

भारत बनाम जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज शेड्यूल (Schedule)

भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच इस तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के सभी मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। सीरीज का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:

पहला टी-20 मुकाबला: 16 अक्टूबर

दूसरा टी-20 मुकाबला: 18 अक्टूबर

तीसरा टी-20 मुकाबला: 20 अक्टूबर

T20 सीरीज के लिए भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों का पूरा स्क्वाड

भारत दौरे के लिए जिम्बाब्वे की महिला टीम: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलवेड बिजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिन्दर चारे, कुदजई चिगोरा, न्याशा ग्वानजुरा, नोमवेलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चियेद्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदई मकुशा, शारने मेयर्स।

जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की T20 टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि।

Related Articles

Back to top button