शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट में बहा युवक, SDRF ने बरामद किया शव

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पंचशील नगर, दुर्ग निवासी निशांत सेन पिता होरी लाल सेन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मोटर बोट व प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार 9 अक्टूबर को निशांत सेन शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट के पास नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया।
मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से तलाश
सूचना मिलने पर दुर्ग एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों और मोटर बोट के साथ घटनास्थल पर पहुंची। प्रशिक्षित गोताखोरों ने नदी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जवान राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने नदी की गहराई में जाकर तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने निशांत का शव बरामद कर लिया।
दुर्ग पुलिस को सौंपा गया शव
शव बरामद होने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दुर्ग थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस और परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।




