Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में बाइक चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की पल्सर बरामद

जांजगीर-चांपा, 10 अक्टूबर। जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में नैला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG12-BM-5650 बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ यादव उर्फ बूचू (19), दीपेश कुमार टैगोर उर्फ छोटा (19) और राजकुमार सूर्यवंशी उर्फ सोनू (32) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी साकिनपाली क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें राजकुमार सूर्यवंशी वार्ड क्रमांक 14 का निवासी बताया गया है।

मामले के अनुसार, ग्राम दहकोनी, थाना बलौदा निवासी अमरदास मानिकपुरी ने नैला पुलिस चौकी में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे वह अपने दोस्तों के साथ शराब दुकान गया था। इस दौरान उसने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा, तो मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।

शिकायत के आधार पर नैला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त SP डॉ. यूलैंडन यार्क और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसके दौरान मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

विवेचना के दौरान तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, एएसआई नरेंद्र शुक्ला तथा आरक्षक संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू और नवीन तरुण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button