नवरात्र पर्व को लेकर पुलिस ने दुर्गा पंडाल समितियों के साथ की बैठक

सारंगढ़। आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल ने सारंगढ़ नगर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित होने वाले मां दुर्गा के पंडालों की समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय सारंगढ़ में हुई, जिसमें शहर के विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल ने आगामी नवरात्र पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र पर्व श्रद्धा और आस्था का पर्व है, इसलिए सभी समितियां आयोजन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सतर्कता बरतें।
पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन सहित आयोजन के दौरान आवश्यक सावधानियों को लेकर समिति सदस्यों से चर्चा की। पुलिस ने समितियों से अपील की कि वे किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के अलावा सारंगढ़ एसडीओपी गुलाब दीवान, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव तथा सारंगढ़ शहर के विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस और दुर्गा पंडाल समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया गया।




