Chhattisgarh

कोरबा में महिलाएं, युवती समेत कई लोग लापता, अलग-अलग थानों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट

कोरबा,03 अक्टूबर 2026। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से महिलाओं, युवती और एक युवक के लापता होने के कई मामले सामने आए हैं। इनमें कुछ लोग कई महीनों से घर नहीं लौटे हैं, जबकि कुछ के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस से तलाश की गुहार लगाई है। कई मामलों में परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर साथ ले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने संबंधित मामलों में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ कुछ प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम सासिन निवासी महावीर मरकाम ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी रेखा मरकाम (26) 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे बैंक के काम से जटगा जाने की बात कहकर अपनी करीब ढाई वर्षीय बेटी साक्षी को साथ लेकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले में अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू की है।

इसी थाना क्षेत्र के ग्राम सरभोंका निवासी सोनमतिया धनुहार (24) भी लंबे समय से लापता है। उसकी मां चन्द्रकला धनुहार ने बताया कि सोनमतिया 12 नवंबर 2025 को अपनी सहेली के साथ काम करने दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दिल्ली पहुंचने के बाद वह फोन पर परिवार से बातचीत करती रही और झाड़ू-पोंछा का काम करने तथा करीब 10 हजार रुपये मासिक मजदूरी मिलने की जानकारी देती थी। 20 जुलाई 2026 के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और तब से संपर्क नहीं हो पाया। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 27/2026 दर्ज कर तलाश शुरू की है।

बांगो थाना क्षेत्र में ही ग्राम बंजारी रावणभांठा निवासी समारो बाई बिंझवार (25) के लापता होने का मामला भी सामने आया है। वह 10 जून 2026 की शाम घर से बिना बताए निकली थी और इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाने की आशंका में धारा 140(3) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पसान थाना क्षेत्र के ग्राम दम्हामुड़ा महुआपारा निवासी लालचंद सारथी ने अपनी पत्नी थुनिया बाई के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके अनुसार थुनिया बाई 23 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे तीन बच्चों को घर पर छोड़कर बिना बताए चली गई। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। पुलिस को बताया गया कि वह मोबाइल फोन और घर में रखे करीब 10 हजार रुपये भी साथ ले गई है। मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 140(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के कुम्हार मोहल्ला सीतामणी निवासी जानकी यादव (50) भी 25 सितंबर की सुबह घर से बिना बताए निकलने के बाद वापस नहीं लौटीं। उनकी पुत्री ने पुलिस को सूचना देते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा साथ ले जाने की आशंका जताई है।

दीपका थाना क्षेत्र में भी दो महिलाओं के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। टावर मोहल्ला निवासी संतोष कुमार डंसेना की पत्नी रमला बाई (32) 4 अगस्त को अपनी दीदी के घर ज्योतिनगर गई थी। वहां से मायके जाने की बात कहकर निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी। वहीं, शिक्षक छेदीलाल मरकाम की पत्नी अर्चना मरकाम भी 22 जुलाई को अपने मायके सिरकी गांधीनगर से अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी दोनों महिलाओं का पता नहीं चल सका है। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 140(3) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

इधर, बांगो थाना क्षेत्र से तुलेश्वर सिंह कुशरो (26) के लापता होने की सूचना भी पुलिस को दी गई है। वह 12 मई 2026 को कटघोरा स्थित शारदा राइस मिल में काम करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। पहले भी वह वहां काम करने जाता था, इसलिए परिजनों ने तत्काल तलाश नहीं की। बाद में मोबाइल बंद मिलने पर राइस मिल में पता किया गया, जहां उसके काम पर नहीं पहुंचने की जानकारी मिली। गांव, रिश्तेदारी और आसपास तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी मामलों में लापता लोगों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button