Chhattisgarh

गांधी जयंती पर कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र में 100 पौधों का रोपण, मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोरबा, 2 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला उद्योग संघ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने फलदार पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में करीब 100 पौधे लगाए गए।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कोरबा में गांधी-शास्त्री जयंती के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बुधवारी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और कोसाबाड़ी चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मंत्री ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश को याद किया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button