Chhattisgarh

सार्वजनिक स्थल पर शराबखोरी करने वालों पर दीपका पुलिस का शिकंजा, पांच युवकों पर कार्रवाई

कोरबा/दीपका, 01 अक्टूबर 2026। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर हुड़दंग करने तथा आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ दीपका पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपका पुलिस ने बुधवार को सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पाए गए पांच युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार दीपका थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और इसके बाद होने वाली असामाजिक गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शराब के नशे में युवकों द्वारा हुड़दंग करने, राहगीरों को परेशान करने तथा महिलाओं से छींटाकशी किए जाने की शिकायतों को पुलिस ने गंभीरता से लिया। इसके बाद थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए अभियान चलाया। इसी दौरान सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन करते पांच युवकों को पकड़ा गया।

कार्रवाई की जद में रोहित कुमार चंद्रवंशी (21), पिता हरविंदर सिंह, निवासी ज्योति नगर दीपका, भागीरथी यादव (26), पिता ओमप्रकाश यादव, निवासी कटरा थाना बलौदा, कमलकांत मरकाम (32), पिता राजकुमार मरकाम, निवासी कटरा थाना बलौदा, अनिल कुमार खड़िया (25), पिता छतूराम खड़िया, निवासी ज्योति नगर दीपका तथा श्रवण साहू (18), पिता विनोद साहू, निवासी ज्योति नगर दीपका शामिल हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, राहगीरों को परेशान करने अथवा महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। आम नागरिक भी सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी या अन्य असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों, महिलाओं और राहगीरों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और इसके बाद उत्पन्न होने वाली असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button