नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को नशे से बचाकर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाए तो छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिल सकती है।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर तैयार होंगे।
27 वर्षों से सामाजिक जागरूकता के लिए पदयात्रा
मुख्यमंत्री साय ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति के संदेश को परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर सशक्त एवं विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।




