Chhattisgarh

Janjgir Champa : कटरा जंगल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप के टैंकर से 1000 लीटर अवैध डीजल बरामद

जांजगीर-चांपा, 30 सितम्बर। जिले में अवैध रूप से डीजल के भंडारण और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बलौदा और अकलतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन से करीब 1000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया। डीजल को पिकअप के पीछे बने लोहे के टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने डीजल परिवहन में इस्तेमाल पिकअप के साथ आगे चल रही आर्टिगा कार को भी जब्त किया है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक CG-15-DL-6268 में बने लोहे के टैंकर में बड़ी मात्रा में डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 फॉलो कर रही है।

सूचना मिलते ही बलौदा और अकलतरा पुलिस की टीम कटरा जंगल की ओर रवाना हुई। पुलिस ने बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान पिकअप वाहन के पीछे लगी ट्रॉली में लोहे का टैंकर मिला। टैंकर की जांच करने पर उसमें करीब 1000 लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान वाहन में सवार नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड़ और रामनरेश प्रजापति डीजल के परिवहन और भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन, डीजल और आर्टिगा कार को जब्त कर लिया।

पुलिस ने भीमसिंह गोंड़ के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन और करीब 1 लाख रुपये कीमत का 1000 लीटर डीजल जब्त किया। वहीं नरेश कुमार भारती के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की आर्टिगा कार जब्त की गई। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। बरामद डीजल को वाहन के अंदर ही सीलबंद कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने मामले में नरेश भारती (34), निवासी सरईताल बुड़गहन, थाना बलौदा; भीमसिंह (43), निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा और रामनरेश प्रजापति (31), निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, थाना अकलतरा प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, एएसआई रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर, साइबर टीम और दोनों थानों के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button