SECL ने सफाई मित्रों के लिए लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, ECG से किडनी और फेफड़ों तक की हुई जांच

बिलासपुर, 28 सितम्बर 2026। विशेष अभियान 6 और स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की। बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में सफाई कर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में इंदिरा विहार कॉलोनी में कार्यरत संविदा सफाई कर्मियों, जिनमें महिला सफाई कर्मी भी शामिल थीं, का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में सफाई कर्मियों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड टेस्ट तथा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) सहित कई महत्वपूर्ण जांचें की गईं। चिकित्सकों ने जांच के बाद सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर आगे चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
एसईसीएल की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में पहुंचे सफाई कर्मियों ने एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने पर इस पहल की सराहना की।

यह स्वास्थ्य शिविर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान से भी जुड़ा है। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। अभियान में सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और पात्र सफाई कर्मियों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने जैसी गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है।
एसईसीएल द्वारा आयोजित यह शिविर विशेष अभियान 6 के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रमों का भी हिस्सा है। विशेष अभियान 6 का मुख्य कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटारे के साथ इस वर्ष ई-वेस्ट के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसईसीएल की ओर से स्वच्छता ही सेवा 2026 और विशेष अभियान 6 के तहत स्वच्छता गतिविधियों के साथ जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सफाई मित्रों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर इसी कड़ी में स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने की दिशा में उठाया गया कदम है।




