Chhattisgarh

शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 26 सितंबर। बालको थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर बालको पुलिस ने आरोपी आसिफ खान के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता पहले से शादीशुदा है और आरोपी को अपनी शादी से पहले से जानती थी। महिला का आरोप है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी आरोपी उसके संपर्क में रहा और कथित तौर पर प्रेम एवं शादी का भरोसा देकर उसकी शादीशुदा जिंदगी में हस्तक्षेप करता रहा। महिला के मुताबिक, दोनों के बीच संबंध बढ़ने के बाद वह अपने पति से अलग हो गई और उसकी शादी टूट गई।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि पति से अलग होने के बाद आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिया। इसी भरोसे के चलते दोनों के बीच लगातार शारीरिक संबंध बने। महिला का कहना है कि यह सिलसिला कई वर्षों तक चलता रहा। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उस पर दबाव बनाया और उसका गर्भपात करा दिया। इसके बावजूद महिला को उम्मीद थी कि आरोपी उससे शादी करेगा।

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब महिला को कथित तौर पर पता चला कि आरोपी किसी दूसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि आरोपी ने परिवार की मौजूदगी में दूसरी युवती से सगाई भी कर ली थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद महिला ने आरोपी से अपने पुराने वादे के अनुसार शादी करने की बात कही, लेकिन आरोप है कि उसने शादी से इनकार कर दिया।

महिला का आरोप है कि शादी की बात करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने बालको थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि बालको थाने में महिला की शिकायत पर आरोपी आसिफ खान के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में पीड़िता के बयान, मेडिकल से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button