National

ठेके में घुसी बंदरिया, गटक गई शराब की पूरी बोतल… फिर नशे में धुत होकर करने लगी ये हरकत

Ranchi News: ‘शराब पीना सेहत के लिए हानिकारक है’… यह सांकेतिक चेतावनी इंसानों को जागरूक करने के लिए हर शराब की बोतल और दुकान पर लिखी होती है. लेकिन जब कोई जानवर शराब की दुकान का ग्राहक बन जाए तो क्या ही कहा जाए. राजधानी रांची के ओरमांझी इलाके से एक ऐसा ही अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शराब की दुकान में अचानक एक बंदरिया घुस आई और उसने मिनटों में शराब की पूरी बोतल गटक ली. इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर स्थानीय लोग और दुकान के कर्मचारी दंग रह गए।

घटना शुक्रवार शाम लगभग 7:00 बजे ओरमांझी के ब्लॉक चौक स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की एक वाइन शॉप की है. प्रत्यक्षदर्शियों और दुकान के कर्मचारियों के मुताबिक-शाम के समय एक गर्भवती बंदरिया अचानक वाइन शॉप के काउंटर के अंदर दाखिल हो गई. दुकान में रखी शराब की बोतलों में से उसने ‘मैजिक मोमेंट्स’ की एक क्वार्टर बोतल उठाई और देखते ही देखते पूरी बोतल गटक गई. शराब पेट में जाते ही उसका नशा उस पर चढ़ गया और वह दुकान के अंदर फर्श पर ही बेसुध होकर सो गई.

थोड़ी देर बेसुध पड़े रहने के बाद जब बंदरिया की नींद खुली, तो उस पर शराब का नशा पूरी तरह हावी हो चुका था. उसने दुकान के अंदर रखी बोतलों को गिराना और उत्पात मचाना शुरू कर दिया. दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने जब उसे भगाने और काबू करने की कोशिश की, तो उग्र हुई बंदरिया ने एक स्टाफ को काटकर घायल कर दिया. इसके बाद दुकान में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

बंदरिया के बढ़ते उत्पात को देखते हुए दुकान के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत ओरमांझी थाना पुलिस को सूचित किया. इसके साथ ही पास ही स्थित भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान (बिरसा जू) की रेस्क्यू टीम को घटना की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही बिरसा जैविक उद्यान की एक्सपर्ट रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम के सदस्यों ने काफी मशक्कत और सावधानी के बाद शराब के नशे में धुत बंदरिया को सुरक्षित जाल में पकड़ा और उसे अपने साथ जैविक उद्यान ले गई, जहाँ उसका उपचार और देखभाल की जा रही है. रांची के ओरमांझी में हुई इस अनोखी घटना का वीडियो और किस्सा अब पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है.

Related Articles

Back to top button