कवर्धा में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ: फूल लेकर पहुंचे बच्चों को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गोद में उठाया, माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

कवर्धा, 25 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत कवर्धा के दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों की मासूमियत और महिलाओं की प्रतिभा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने फूल और अपनी बनाई चित्रकारी भेंट कर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विजय शर्मा बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें गोद में उठाकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें खिलौने व चॉकलेट भी भेंट किए।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आकर उन्हें बिल्कुल घर जैसा माहौल महसूस हो रहा है। बच्चों का उत्साह और उनकी मासूमियत देखकर मन प्रसन्न हो गया। उन्होंने बच्चों, माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताया और केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की चित्रकारी ने उप मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान खींचा। नन्हे बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों को देखकर उन्होंने उनकी रचनात्मकता की सराहना की। एक बच्चे द्वारा सैनिक, भगवान शंकर और तिरंगे से संबंधित बनाई गई चित्रकारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में बच्चे जिस तरह अपने विचारों को चित्रों के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं, यह उनकी रचनात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और महिला एवं बाल विकास विभाग को भी शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि के उपयोग को लेकर भी महिलाओं से चर्चा की गई। महिलाओं ने बताया कि वे योजना की राशि का उपयोग अपनी बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना सहित अन्य जरूरतों में कर रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के हाथ में आर्थिक सहायता पहुंचने से परिवार की जरूरतों के साथ बच्चों और बेटियों के भविष्य को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।
‘आंगन मिलन सेवा’ के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला तथा महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उप मुख्यमंत्री ने रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग उपयोगी कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं में करने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। लाभार्थी लक्ष्मी साहू और नंद रानी साहू ने योजना से मिले सहयोग और उसके उपयोग से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के विकास, महिलाओं की भागीदारी और शासन की योजनाओं के प्रभाव को एक साथ सामने लाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की मुस्कान, उनकी रचनात्मकता और महिलाओं की प्रतिभा प्रमुख आकर्षण रही।




