लोरमी में ‘सेवा के रंग’ से साकार हुआ विकसित भारत का संदेश, रंगोलियों में दिखी स्वच्छता, जल संरक्षण और नारी सशक्तिकरण की झलक

रायपुर/लोरमी, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी के मानस मंच में विकासखंड स्तरीय ‘सेवा के रंग’ रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कलाकारों और विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प के साथ जल संरक्षण, स्वच्छता, डिजिटल इंडिया और नारी सशक्तिकरण जैसे विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी बनाई रंगोलियों के विषय, उद्देश्य और संदेश की जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने अपनी कलाकृतियों में जल संरक्षण, विकसित भारत, नारी सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत जैसे विषयों को प्रमुखता से उकेरा है। उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं के हुनर, उत्साह और सामाजिक विषयों के प्रति उनकी जागरूकता की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में कोटा के रंगोली कलाकार रवि पैकरा ने करीब पौने दो क्विंटल सामग्री का उपयोग कर ‘विकसित लोरमी, विकसित भारत’ की भव्य रंगोली तैयार की। इस रंगोली में विकसित भारत के संकल्प और देश के विकास की परिकल्पना को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। बड़ी रंगोली कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
वहीं, लोरमी के आठ विद्यालयों की छात्राओं ने अलग-अलग सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जल संरक्षण के महत्व से लेकर स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण तक विभिन्न संदेशों को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। छात्राओं की रंगोलियों में सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव को प्रमुखता से दर्शाया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रंगोली केवल सजावट का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए सामाजिक संदेशों को सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में सेवा भावना और विकसित भारत की कल्पना को सुंदर तरीके से अभिव्यक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विकसित भारत की कल्पना को जन-जन तक पहुंचाना और प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक करना है। लोगों को यह समझना जरूरी है कि विकसित भारत केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से साकार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याण के संदेश को भी अभियान के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
लोरमी में आयोजित इस रंगोली कार्यक्रम ने कला को जनजागरूकता से जोड़ते हुए सेवा, स्वच्छता, जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत बनाया और विकसित भारत के संकल्प को रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया।




