जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी, चांपा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 23 सितम्बर 2026। जमीन को बैंक के बंधक से मुक्त और विवादरहित बताकर करीब 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44) निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन का सौदा करने के बाद उसी भूमि के एक हिस्से को दूसरे व्यक्ति को बेचने और दूसरी संपत्ति के नाम पर भी रकम लेने का आरोप है। पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना चांपा क्षेत्र निवासी वरुण सोमानी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला स्थित कुल 22 खसरों की 4.95 एकड़ जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया था। आरोपी ने पूरी रकम प्राप्त करने के बाद 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया था।
इसके बाद आरोपी ने उक्त भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। जब प्रार्थी ने शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए आरोपी से संपर्क किया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। संदेह होने पर जब राजस्व अभिलेखों की जांच कराई गई तो जमीन के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने प्रार्थी के पिता से चांपा स्थित भूमि-मकान को भी भारमुक्त और विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। बाद में इस संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। इस तरह आरोपी पर कुल 49.70 लाख रुपये की रकम लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में चांपा पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




