रील बनाने के चक्कर में गई दो दोस्तों की जान, तेज रफ्तार कार पोल से टकराकर पेड़ में घुसी…

कन्नौज,18 सितंबर । उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कन्नौज-तिर्वा मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर सड़क किनारे पेड़ में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जा रहा है कि चार दोस्त कार से कन्नौज से तिर्वा की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान कार में रील बनाने के दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पहले बिजली के खंभे से टकराई और इसके बाद सड़क किनारे मौजूद पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे युवक अंदर ही फंस गए।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कटर की मदद लेनी पड़ी।
कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर युवकों को बाहर निकाला गया। हादसे में शेखाना मोहल्ले के रहने वाले 16 वर्षीय अमान खान और 18 वर्षीय अली खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।परिवारों में मचा कोहराम घटना के बाद मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण कार के नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।




