सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपों’ से जगमगाया खारुन तट, पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की हुई महाआरती

रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर खारुन मैया की महाआरती में सहभागिता की और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों ने विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती कराई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का मुख्यमंत्री ने विमोचन भी किया। घाट पर एक साथ प्रज्वलित सवा लाख दीपों ने पूरे परिसर को रोशनी से भर दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में कई बड़े निर्णय और परिवर्तन देखे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस, खाद्यान्न सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र सरकार में कार्य करने के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ से भी गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास की नई संभावनाएं बनी हैं तथा प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को रोजगार एवं समृद्धि से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महादेव घाट पर जलाया गया प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए आयोजकों, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और उपस्थित नागरिकों को बधाई दी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं आयोजन की संयोजक लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत एवं मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




