Chhattisgarh

रायपुर में नशीली सिरप-कैप्सूल सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, जौनपुर से अंतर्राज्यीय आरोपी ऋषभ सोनकर गिरफ्तार

रायपुर, 13 सितम्बर 2026। नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई के खिलाफ रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नशीली सिरप और कैप्सूल की सप्लाई से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और अंतर्राज्यीय आरोपी को उत्तर प्रदेश के जौनपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषभ सोनकर पिता रोहित कुमार सोनकर, उम्र 23 वर्ष, निवासी न्यू कॉलोनी हुसैन बाग, थाना लाइन बाजार, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के साथ मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह कार्रवाई थाना डी.डी. नगर के अपराध क्रमांक 452/2026 में की गई है। मामले में धारा 22(बी) और 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस की एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं के पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए इंड-टू-इंड विवेचना शुरू की है।

मामले की शुरुआत 27 जुलाई 2026 को हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम ने थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के रायपुरा स्थित गढ़ही तालाब के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों छन्नू वर्मा और राहुल देव सारवा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से 52 नग CODISTAR & NF नशीली सिरप, जिसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड शामिल है, तथा 75 नग SPASMO & PROXYVON PLUS कैप्सूल, जिसमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड पाया जाता है, बरामद किए थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से नशीली दवाओं के स्रोत, सप्लायर और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई कि बरामद नशीली दवाएं उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी ऋषभ सोनकर से प्राप्त की गई थीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया।

जानकारी की पुष्टि के बाद पुलिस टीम को जौनपुर, उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। वहां स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने ऋषभ सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस अब मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में कार्रवाई केवल स्थानीय स्तर पर नशीली दवाएं रखने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नशीली दवाओं के पूरे सप्लाई नेटवर्क की इंड-टू-इंड जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से होती थी, किन माध्यमों से रायपुर तक पहुंचाई जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन से व्यक्ति शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी ऋषभ सोनकर से नशीली दवाओं के सप्लाई नेटवर्क, अन्य सप्लायरों और इससे जुड़े व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। मामले में सप्लाई चैन से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी लगातार पतासाजी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button