Chhattisgarh

दादी से बहस सुन भड़का भतीजा, चाचा पर फरसी से हमला कर उतारा मौत के घाट

कोरबा। कोरबी चौकी क्षेत्र के पनगांव ग्राम में पारिवारिक विवाद के दौरान भतीजे ने अपने ही चाचा की फरसी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी भतीजे दुर्गेश के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पनगांव निवासी गुलाब सिंह का अपनी मां यानी आरोपी दुर्गेश की दादी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच बहस चल रही थी। इसी दौरान गुलाब सिंह का भतीजा दुर्गेश वहां पहुंच गया। दादी और चाचा के बीच हो रही बहस सुनकर वह आक्रोशित हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि गुस्से में आए दुर्गेश ने अपने चाचा गुलाब सिंह पर फरसी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फरसी को भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपी से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पनगांव में हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में भी घटना को लेकर चर्चा है।

Related Articles

Back to top button