CPL 2026: कप्तान हो तो ऐसा… 17 गेंदों पर नहीं दिया कोई रन, इतने विकेट लेकर 300वें मैच में दिलाई जीत

नई दिल्ली , 11 सितम्बर : कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन में जहां गयाना एमेजॉन वॉरियर्स और एंटीगा एंड बारबुडा फालकन्स का दबदबा देखने को मिल रहा है, वहीं बाकी 5 टीमें लगातार उतार-चढ़ाव से गुजर रही हैं. बारबडोस ट्राइडेंट्स की भी ऐसी ही कहानी है. मगर इसके बावजूद टीम प्लेऑफ की रेस में लौट आई है और इसकी वजह बने हैं ट्राइडेन्ट्स के कप्तान क्रिस ग्रीन. सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ कप्तान ग्रीन की घातक गेंदबाजी के दम पर बारबडोस ट्राइडेन्ट्स ने 4 विकेट से जीत दर्ज की और आखिरी स्थान से उठकर चौथे पर पहुंच गई. वहीं पैट्रियट्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
अपने 300वें मैच में चमके क्रिस ग्रीन
ब्रिजटाउन के अपने होम ग्राउंड में खेलते हुए बारबडोस ट्राइडेन्ट्स ने एक दबदबे वाला प्रदर्शन किया और सेंट किट्स को बुरी तरह हरा दिया. अपनी टीम को ये दमदार जीत दिलाने की जिम्मेदारी खुद कप्तान ग्रीन ने ली. अपना 300वां टी20 मैच खेल रहे क्रिस ग्रीन ने खुद गेंदबाजी की शुरुआत की और अपने शुरुआती 2 ओवर में ही 2 विकेट ले लिए. इसके बाद भी उनका कहर जारी रहा और उन्होंने पैट्रियट्स को खुलकर खेलने की इजाजत नहीं दी.
पैट्रियट्स ने 11वें ओवर तक सिर्फ 51 रन बनाए थे और इस दौरान टीम के 5 विकेट गिर गए थे. इसकी वजह ऑस्ट्रेलियाई स्पिन ऑलराउंडर क्रिस ग्रीन ही थे, जिन्होंने इस दौरान 4 विकेट झटक लिए थे. ट्राइडेंट्स के कप्तान ने अपने 4 ओवर के स्पैल में ये 4 विकेट झटके और इस दौरान उन्होंने 17 गेंदों पर कोई भी रन नहीं दिया. उनकी बाकी 7 गेंदों पर 20 रन ही आए. इसका असर ये हुआ कि पैट्रियट्स सिर्फ 118 रन पर ढेर हो गई. वो भी तब जाकर टीम ने इतने रन बनाए, जब वानिन्दु हसरंगा ने 25 गेंदों पर 45 रन कूटे.
आखिरी स्थान से लंबी छलांग
हालांकि इतने छोटे स्कोर का पीछा करते हुए खुद ट्राइडेन्ट्स को कुछ वक्त तक पापड़ बेलने पड़े. टीम ने सिर्फ 27 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. मगर इसके बाद अनुभवी साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज क्विटन डिकॉक ने जम गए और उन्होंने बाकी बल्लेबाजों के साथ मिलकर छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 18 ओवर में 120 रन तक पहुंचाकर जीत दिलाई. ये ट्राइडेन्ट्स की इस सीजन में 8 मैच में चौथी जीत है. इस तरह टीम 7वें स्थान से उठकर चौथे पर पहुंच गई. वहीं 10वें मैच में छठी हार के साथ ही पैट्रियट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई.




