Chhattisgarh

कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का उत्पात जारी, दो मकान तोड़े

कोरबा। वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। निगरानी दल की मौजूदगी के बावजूद हाथी चकमा देकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहा है और ग्रामीणों के मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है। बीती रात एतमानगर रेंज के बंजारी और मड़ई गांव में लोनर हाथी ने दो ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त कर दिए।

जानकारी के अनुसार लोनर हाथी पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहा है। दिन में जंगल में रहने के बाद शाम ढलते ही वह आबादी की ओर निकल आता है। बीती रात करीब 1.30 बजे हाथी मड़ई गांव पहुंचा और हाईस्कूल के पास सतपाल के मकान को तोड़ दिया। घर में रखा धान, चावल और अन्य अनाज भी हाथी खा गया। घटना के समय सतपाल और उसका परिवार घर में ताला लगाकर सुरक्षित स्थान पर चला गया था। वन विभाग ने पहले ही क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों को मुनादी के जरिए सतर्क कर दिया था।

मड़ई में मकान क्षतिग्रस्त करने के बाद हाथी तड़के करीब 4 बजे बंजारी गांव पहुंचा। यहां उसने अवधेश के मकान को भी नुकसान पहुंचाया और इसके बाद जंगल की ओर चला गया। हाथी के लगातार बस्ती में पहुंचने और मकान तोड़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। फिलहाल हाथी मड़ई जंगल में विचरण कर रहा है।

कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में 15 हाथियों का एक और दल पहुंच गया है। पसान क्षेत्र से बीती रात आगे बढ़ा यह दल केंदई पहुंचने के बाद जंगल में विचरण कर रहा है। इससे पहले कापानवापारा सर्किल में 18 हाथी सक्रिय थे। 15 और हाथियों के पहुंचने से केंदई रेंज में सक्रिय हाथियों की संख्या करीब 33 हो गई है। वन विभाग द्वारा सभी हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button