शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व और भविष्य निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका : राज्यपाल रमेन डेका

एसईसीएल डीएवी विद्यालय बिलासपुर में द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित
बिलासपुर। एसईसीएल डीएवी विद्यालय, बिलासपुर में रविवार को द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर एसईसीएल के विभिन्न संचालन क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित डीएवी विद्यालयों के शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर राज्यपाल रमेन डेका सहित अन्य अतिथियों द्वारा माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक से प्राप्त सीख का प्रभाव विद्यार्थी के पूरे जीवन पर रहता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन को आवश्यक बताते हुए कहा कि सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं होता। विद्यार्थियों को कार्य टालने की प्रवृत्ति और आलस्य से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया जीवनभर जारी रहती है और व्यक्ति को सदैव कुछ नया सीखने के लिए तत्पर रहना चाहिए।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि समाज ने हमारे लिए क्या किया, बल्कि यह विचार करना चाहिए कि हमने समाज के लिए क्या किया है। अपने ज्ञान और क्षमता का उपयोग समाज के सकारात्मक विकास में करना चाहिए।
समारोह में बिलासपुर संभाग के आयुक्त सुनील जैन, एसईसीएल निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, एसईसीएल डीएवी बिलासपुर के प्राचार्य के. पार्थिपन, डीएवी बिलासपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय सहायक अधिकारी मौलिका मुखर्जी तथा एसईसीएल डीएवी कोरबा की प्राचार्य सुचित्रा शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा एसईसीएल एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।




