Sports

हैट्रिक से चूककर भी सुनील नरेन ने तोड़ा रिकॉर्ड, CPL में की बेस्ट गेंदबाजी, अकेले इतने विकेट लेकर टीम को जिताया

नई दिल्ली, 06 सितंबर : सुनील नरेन ने CPL में अपनी बेस्ट गेंदबाजी की नुमाइश की है. ऐसा करते हुए उन्होंने अपनी टीम ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को दमदार जीत दिलाई. CPL 2026 के 27वें मैच में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का मुकाबला बारबाडोस ट्राइडेंट्स से था. ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने इस मैच को 35 रन से जीता, जिसमें सुनील नरेन की गेंदबाजी का रोल अहम रहा. मैच के दौरान नरेन की गेंदबाजी में अगर कुछ कसक बाकी रह गई तो वो उनकी हैट्रिक पूरी ना हो पाने की रही. मगर हैट्रिक से चूककर भी नरेन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया.

नरेन का ‘डबल इफेक्ट’

बारबाडोस ट्राइडेंटस को मैच जीतने के लिए 148 रन का लक्ष्य मिला था. अब जिस टीम में डिकॉक, कैमरन ग्रीन, ब्रैंडन किंग, शरफेन रदरफोर्ड जैसे बल्लेबाज हों, उसके लिए 20 ओवर में 148 का लक्ष्य ज्यादा बड़ा था नहीं. लेकिन, सुनील नरेन ने अपने बरपाए कहर से उन्हें उस आसान से दिखने वाले लक्ष्य को बारबाडोस ट्राइडेंट्स के लिए ना सिर्फ मुश्किल बनाया, बल्कि उसे हार के मुंह में भी धकेला.

पावरप्ले के अंदर ही झटके 3 विकेट, हैट्रिक से चूके

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने रन चेज कर रही बारबाडोस ट्राइडेंटस के 4 विकेट पावरप्ले में ही गिरा दिए. इसमें से 3 विकेट अकेले सुनील नरेन ने लिए. इसी दौरान नरेन अपनी हैट्रिक से भी चूक गए. उन्होंने अपने दूसरे और बारबाडोस ट्राइडेंट्स के तीसरे ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर 2 विकेट बैक टू बैक लिए. नरेन ने पहले ब्रैडन किंग को आउट किया फिर क्विंटन डि कॉक को. इसके बाद जब वो अपना अगला और बारबाडोस की इनिंग का 5वां ओवर डालने आए तो वो हैट्रिक पर थे. अगर वो पहली गेंद पर विकेट लेते तो उनकी हैट्रिक हो जाती. लेकिन, वो चूक गए. हालांकि, नरेन ने ओवर की चौथी गेंद पर रिवाल्डो क्लार्क को आउट कर अपना तीसरा शिकार जरूर किया.

बारबाडोस की पारी का अंत भी नरेन ने किया

पावरप्ले में 4 विकेट गंवाने वाले बारबाडोस ट्राइडेंट्स के आगे भी रेग्यूलर इंटरवल पर विकेट गिरते रहे, जिससे उनके लिए रन चेज और मुश्किल होता चला गया. बारबाडोस ट्राइडेंट्स की पारी का आखिरी विकेट भी सुनील नरेन ने ही लिया. उन्होंने जकीम पोलार्ड को आउट कर मैच में अपना चौथा विकेट लिया.

CPL में बेस्ट गेंदबाजी, तोड़ा ये रिकॉर्ड

सुनील नरेन ने मैच में 3.3 ओवर में 12 रन देकर 4 विकेट झटके, जो कि उनके CPL करियर की बेस्ट गेंदबाजी रही. इस प्रदर्शन के साथ नरेन ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए. उन्होंने इस मामले में ड्वेन ब्रावो के 111 विकेटों का रिकॉर्ड तोड़ा. नरेन के अब 113 विकेट हैं.

ट्रिनबागो के लिए पूरन ने खेली विस्फोटक पारी

नरेन की इस गेंदबाजी का असर ऐसा रहा कि बारबाडोस ट्राइडेंट्स 148 रन के आगे 112 रन पर ही सिमटकर रह गई. इससे पहले ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने अपने कप्तान निकोलस पूरन की 59 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट पर 147 रन बनाए थे. पूरन की पारी में 7 छक्के शामिल रहे थे. पूरन के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका.

Related Articles

Back to top button