शिक्षक दिवस पर जांजगीर-चांपा पुलिस का खास अभियान, 800 से ज्यादा सेल्फी से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

जांजगीर-चांपा, 05 सितम्बर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के चतुर्थ सप्ताह के तहत जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में शिक्षकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर किए जाने वाले कॉल, OTP और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने को लेकर जागरूक किया। साथ ही शिक्षकों को ‘साइबर शिक्षक’ बनकर साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
‘मैं हूं साइबर शिक्षक’ अभियान में 800 से अधिक सेल्फी
साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘मैं हूं साइबर शिक्षक’ पहल शुरू की गई। इसके तहत शिक्षकों और नागरिकों ने सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेश साझा किए। पुलिस के अनुसार अभियान के तहत 800 से अधिक सेल्फी सोशल मीडिया पर अपलोड की गईं, जिससे साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का व्यापक प्रसार हुआ।
पुलिस अधीक्षक ने कॉलेज और कोचिंग सेंटर पहुंचकर किया जागरूक
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ग्राम सरखो स्थित उत्कृष्ट कॉलेज और जांजगीर के प्रदान अकादमी कोचिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की और ‘मैं हूं साइबर शिक्षक’ की सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




