Chhattisgarh

रायपुर में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रायपुर, 05 सितम्बर 2026 । राजधानी रायपुर में सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपी शहीद स्मारक के पास तलवार लहराते हुए लोगों में भय और दहशत का माहौल पैदा कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहीद स्मारक के पास एक युवक हाथ में लोहे की धारदार तलवार लेकर उसे लहराते हुए आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अंकित नेताम पिता अमित नेताम, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोढ़पारा छेरीखेड़ी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जब्त की है। इसके बाद थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 143/26 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंकित नेताम पूर्व में थाना तिल्दा-नेवरा के हत्या के एक मामले में जेल में निरुद्ध रह चुका है। सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर लोगों को भयभीत करने की घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की है।

पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या आम नागरिकों में भय पैदा करने वाली गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button