खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, NH-53 पर चक्काजाम कर किया जोरदार प्रदर्शन…

महासमुंद, 05 सितंबर (वेदांत समाचार)। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर उतर आया। झलप में ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।दरअसल, झलप से बागबाहरा जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क पिछले करीब डेढ़ महीने से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि छिलपावन के पास सड़क के बड़े गड्ढे में एक ट्रक फंस गया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने NH-53 पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर वे लगातार सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते रहे, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
लगातार हो रही अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने अब सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया है।चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सूचना मिलते ही पटेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीण सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग पर अड़े हुए हैं।




