Chhattisgarh

कोरबा के महामृत्युंजय मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महापर्व, श्रीकृष्ण स्वरूप में हुआ भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार

कोरबा, 05 सितम्बर 2026। नगर निगम कॉलोनी स्थित 108 महामृत्युंजय मंदिर में जन्माष्टमी महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भव्य झांकियां तैयार की गईं। जन्माष्टमी उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

जन्माष्टमी के अवसर पर कॉलोनीवासियों और युवाओं की ओर से दही-हांडी कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। दही-हांडी और भगवान कृष्ण की झांकियां देखने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।

मंदिर के पुरोहित नागेश्वर पुरी गोस्वामी द्वारा भगवान भोलेनाथ का कृष्ण स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद कृष्ण स्वरूप में विराजमान भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती की गई। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण और भोलेनाथ के जयकारे लगाए।

जन्माष्टमी महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इस तरह महामृत्युंजय मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button