Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: उधार को लेकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, दोस्त ने डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, बेडशीट में लपेटा शव; ठिकाने लगाने से पहले गिरफ्तार

उधारी और प्रॉपर्टी विवाद में दोस्त की हत्या, शव बेडशीट में लपेट लगाया ताला

राजनांदगांव। शहर के चिखली चौकी क्षेत्र में उधारी और प्रॉपर्टी से जुड़े पुराने लेनदेन के विवाद में एक प्रॉपर्टी डीलर की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के दोस्त पर है। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे में रखा और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने ताला तोड़कर शव बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार 2 सितंबर की रात उसके दोस्त सुनील वर्मा (30) ने फोन कर उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से उधारी के पैसे और प्रॉपर्टी से जुड़े लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। अर्जुन द्वारा सुनील की बाइक अपने पास रखे जाने की बात भी सामने आई है।

बताया गया कि कमरे में बातचीत के दौरान दोनों के बीच पुराने लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सुनील ने कथित तौर पर डंडे से अर्जुन पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेटा और कमरे में बाहर से ताला लगाकर वहां से निकल गया। इसके बाद वह शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान बाहर से बंद था। पुलिस ने जब कमरे का ताला खोलने का प्रयास किया तो आरोपी ने इसका विरोध किया और पुलिस को बताया कि कमरे के अंदर कुछ नहीं है। संदेह होने पर पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां अर्जुन का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी सुनील वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के निशान, फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। क्राइम और साइबर टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक और आरोपी के बीच उधारी, प्रॉपर्टी डीलिंग तथा बाइक को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button