Chhattisgarh

चांपा में चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू केंवट (27), निवासी कंवरपारा चांपा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को चांपा निवासी सूरज कुमार यादव ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके भाई दीपक कुमार यादव पर संजू केंवट और उसके साथी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल दीपक को उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी संजू केंवट के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर थाना चांपा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी संजू केंवट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल नाबालिग की भूमिका को लेकर भी पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, आरक्षक ईश्वरी राठौर सहित थाना चांपा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button