सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

सक्ती। थाना सक्ती पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर दोनों चोरी के मामलों में चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात सहित समस्त मशरूका शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना सक्ती क्षेत्र में 28 जुलाई 2026 की रात दो अलग-अलग मकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। फाटकपारा, कांजी हाउस के पीछे निवासी देवराम पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के सामने और पीछे के मुख्य दरवाजों पर ताला लगाकर सो गए थे। सुबह उठने पर आलमारी खुली मिली और बरामदे का लोहे का दरवाजा भी खुला हुआ था। जांच करने पर आलमारी में रखे बैग से सोने का हार, झुमका-कनोती, टॉप्स, पदक, चांदी की पायल, मंगलसूत्र, अंगूठियां सहित आधार कार्ड और सोने-चांदी के बिल गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 2 लाख 95 हजार रुपये थी।
इसी रात वार्ड क्रमांक 11, सोंठी निवासी कमला बाई यादव के मकान में भी चोरी हुई। अज्ञात चोर घर में प्रवेश कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, बैग में रखे जरूरी दस्तावेज और दुकान में रखी सिगरेट सहित करीब 90 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।
दोनों घटनाओं में चोरी करने का तरीका एक जैसा पाए जाने पर पुलिस ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बलवीर सतनामी, फलेश साहू और समीर डेनियल, सभी निवासी सोंठी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों मकानों में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद आरोपियों ने सामान आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। कुछ जेवरात बिक्री के लिए सक्ती स्थित बी.पी. ज्वेलर्स के संचालक अमित अग्रवाल को दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर लिया। मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) एवं 317(2) बीएनएस जोड़ी गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 24 अगस्त 2026 को बलवीर सतनामी (22), फलेश साहू (26), समीर डेनियल (19) और अमित अग्रवाल (45), सभी संबंधित पते के निवासी, को गिरफ्तार किया। आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देकर उनके परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की गई।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस टीम ने की। पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग के समन्वय से दोनों चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी गए मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की। मामले में विवेचना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।




