Chhattisgarh

प्राचार्य के रवैये से शिक्षक व स्टाफ परेशान, एक मिनट की देरी पर नोटिस से बढ़ा विवाद

सारंगढ़। पीएम श्री सेजेस मल्टीपर्पज स्कूल सारंगढ़ के प्राचार्य के कथित रवैये को लेकर शिक्षक एवं अन्य स्टाफ में नाराजगी की स्थिति सामने आई है। शिक्षकों का आरोप है कि प्राचार्य द्वारा लगातार नए नियम-कायदे लागू किए जाने से स्कूल स्टाफ परेशान है। वहीं, एक मिनट की देरी को लेकर कई शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद मामला और गरमा गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल में निर्धारित समय से एक मिनट की देरी को लेकर कई शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है। नोटिस में व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने का उल्लेख किया गया है। शिक्षकों का कहना है कि नोटिस में शिक्षा संहिता के नियमों का हवाला देते हुए प्रत्येक कर्मचारी को शाला लगने के आधे घंटे पूर्व विद्यालय में उपस्थित होकर प्रार्थना, नैतिक शिक्षा, दैनंदिनी सहित अन्य कार्य संपादित करना आवश्यक बताया गया है।

शिक्षकों ने नोटिस में उल्लेखित नियमों के आधार और उसकी वैधानिकता को लेकर सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी है। शिक्षक दोखचंद भारद्वाज सहित अन्य शिक्षकों ने प्राचार्य से मांग की है कि शिक्षा संहिता में उल्लेखित संबंधित नियम के पृष्ठ सहित प्रमाणित प्रति तथा वीएसके ऐप में एक मिनट की देरी होने पर अर्ध आकस्मिक अवकाश काटने अथवा अनुपस्थित दर्ज करने संबंधी शासन से प्राप्त आदेश की प्रति उपलब्ध कराई जाए।

शिक्षकों का कहना है कि वीएसके ऐप में उपस्थिति दर्ज करने से संबंधित तकनीकी एवं अन्य समस्याओं के बारे में प्राचार्य कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान पहले ही जानकारी दी जा चुकी है। इन समस्याओं को मल्टी ग्रुप में भी साझा किया गया है। इसके बावजूद शिक्षकों को नोटिस जारी किए जाने से उनमें असंतोष है।

शिक्षकों ने पूरे मामले में नियमों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने तथा कार्रवाई के लिए निर्धारित प्रावधानों को स्पष्ट करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button