शादी का रिश्ता कराने के नाम पर साइबर ठगी का खुलासा, लड़की की आवाज निकालकर लोगों को फंसाते थे दो आरोपी

जांजगीर-चांपा में साइबर थाना पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन की मदद से लड़की की आवाज निकालकर लोगों को शादी का रिश्ता कराने का झांसा देते थे। इसके बाद अलग-अलग लोगों से रकम लेने के बाद संपर्क तोड़ देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट जब्त किए हैं।
मामला तब सामने आया जब अजय राठौर ने 15 अगस्त 2026 को साइबर थाना जांजगीर-चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार 8 अगस्त को एक व्यक्ति ने अस्पताल जाने के लिए तत्काल नगद रकम की जरूरत बताते हुए फोन-पे के माध्यम से 2 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए और बदले में नगद राशि ले ली। कुछ दिनों बाद बैंक खाते पर होल्ड लग गया। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में साइबर ठगी की रकम आई थी। यह रकम सोनू साहू की यूपीआई आईडी से ट्रांसफर की गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायत और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में रकम के लेनदेन और मोबाइल नंबरों के आधार पर लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू और सोनू साहू की भूमिका सामने आई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने ठगी में संलिप्तता स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वर्ष 2025 से ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन के जरिए लड़की की आवाज निकालते थे। इसके बाद शादी या रिश्ता कराने के नाम पर लोगों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतते और अलग-अलग बहाने से रकम हासिल करते थे। रकम मिलने के बाद वे संबंधित व्यक्ति से संपर्क तोड़ देते थे।
पुलिस की जांच में आरोपियों के बैंक खातों से कई अन्य साइबर ठगी के मामलों के लिंक भी सामने आए। कौशल साहू से शादी के लिए रिश्ता भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत मिली, जिसमें ठगी की रकम लक्ष्मीनारायण साहू के खाते में जमा हुई थी। इसी तरह दीपक कुमार साहू से शादी का रिश्ता दिलाने के नाम पर फ्रॉड किया गया और उसकी रकम भी आरोपी के बैंक खाते में पहुंची।
कवर्धा जिले के रमेश साहू से भी शादी का रिश्ता दिलाने के नाम पर ठगी की गई। इस मामले में यूपीआई से भुगतान की गई रकम आरोपी के भांजे सोनू साहू के खाते में पहुंची और बाद में वही रकम अजय राठौर के खाते में ट्रांसफर हुई थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पोर्टल पर अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। मोबाइल चैटिंग की जांच में कई अन्य लोगों से ठगी किए जाने के संकेत मिले हैं, जिनमें से कुछ पीड़ितों ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग से संबंधित सामग्री और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट जब्त किए हैं। बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच आगे भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच बढ़ने के साथ साइबर ठगी के मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अमोदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल निवासी शारदा चौक, जांजगीर-चांपा और सोनू साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी बेलदारपारा, चांपा शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, माखन साहू और शाहबाज खान का सराहनीय योगदान रहा।




