शादी से इनकार पर खौफनाक वारदात! प्रेमिका को घर बुलाकर 17 बार चाकू मारा, शव के पास बैठा मिला प्रेमी

बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत सामने आया है. खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में एक 42 वर्षीय प्रेमी ने अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से 17 वार किए. वारदात के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी शव के पास ही बैठा मिला.
शादी का दबाव बना रहा था प्रेमी, प्रेमिका ने किया इनकार पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अजीत ठेकेदार और मृतका बेबी के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे. अजीत महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन महिला अपने परिवार और बच्चों को छोड़कर शादी करने के लिए तैयार नहीं थी. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 10 बजे अजीत ने बेबी को अपने कमरे पर बुलाया. वहां दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ. प्रेमिका के इनकार से नाराज आरोपी ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया.
पति और चार बच्चों को छोड़ गई महिला मृतका बेबी दिल्ली के प्रेमनगर की रहने वाली थी. करीब 15 साल पहले उसकी शादी बुलंदशहर निवासी पंकज से हुई थी. उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 से 13 साल के बीच बताई जा रही है. बेबी का पति पंकज बर्तन बनाने की छोटी फैक्ट्री चलाता है. घटना के समय वह काम पर गया हुआ था. देर रात घर लौटने पर उसे पत्नी की हत्या की जानकारी मिली.
घर से 200 मीटर दूर रहता था आरोपी प्रेमी पुलिस के अनुसार अजीत मूल रूप से नेहरूपुर गांव का रहने वाला है और खुर्जा में बर्तन फैक्ट्री में काम करता था. वह बेबी के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर किराए के कमरे में रहता था. बताया जा रहा है कि अजीत की पत्नी तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी. वह अकेला रहता था. इसी दौरान उसकी बेबी से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, जांच जारी पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि अजीत के कमरे से शोर-शराबे की आवाज आ रही है. पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में फर्श पर बेबी खून से लथपथ पड़ी थी और अजीत उसके पास बैठा था. थाना प्रभारी रामफल सिंह ने बताया कि महिला के शरीर पर चाकू के 17 वार के निशान मिले हैं. शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव की बात सामने आई है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.




