Chhattisgarh

कोरबा के 4 वार्डों को 60 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

कोरबा, 8 अगस्त 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के चार वार्डों में करीब 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली है। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने शनिवार को पोड़ीबहार स्थित चंद्रा समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भूमिपूजन किए गए कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 32, 36, 37 और 24 में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। वार्ड क्रमांक 32 के पोड़ीबहार में चंद्रा समाज के सामुदायिक भवन के पास 25 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच, शेड एवं अन्य विस्तार कार्य पूर्ण किए गए हैं। इन कार्यों का लोकार्पण उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया।

इसी वार्ड के पोड़ीबहार राठौर मोहल्ले में 5 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वार्ड क्रमांक 36 के रिसदी बस्ती में कन्हैया कंवर के घर के पास 5 लाख रुपये की लागत से आरसीसी छतदार सांस्कृतिक मंच का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 24 में शिव मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से एसएस रेलिंग, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विस्तार कार्य किए जाएंगे।

वार्ड क्रमांक 37 की सिंचाई कॉलोनी रामपुर स्थित दुर्गा पंडाल में 5 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण एवं अन्य विस्तार कार्य प्रस्तावित हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 36 के डिंगापुर में हनुमान मंदिर के पास यज्ञशाला के समीप 7 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक मंच का निर्माण कराया जाएगा। डिंगापुर तालाब में 3 लाख रुपये की लागत से पचरी निर्माण कार्य भी किया जाएगा।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 24 के बुधवारी में जैन मंदिर के पीछे राइटर पेंटर वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ कोरबा के पास 5 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का अहाता निर्माण कराया जाएगा। इन सभी विकास कार्यों का भूमिपूजन भी उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिशा-निर्देशन में छत्तीसगढ़ के साथ कोरबा का भी तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है और वे क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा मिल रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम हुआ। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को और गति मिली है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं और शेष कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरबा शहर में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का कायाकल्प किया जाना है। बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान चंद्रा समाज के पदाधिकारी लखन चंद्रा और समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष अश्वनी चंद्रा ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने चंद्रा समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण का वादा किया था। आज उस वादे के पूरा होने पर समाज के लोगों ने उद्योग मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री का समाज को लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य अजय कुमार चंद्रा, अजय गोंड, पार्षद पंकज देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, प्रताप सिंह कंवर, एल्डरमेन ईश्वर साहू, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, कोरबा चंद्रा समाज की अध्यक्ष भुनेश्वरी चंद्रा, जगदीश चंद्रा, शिव जायसवाल, मिलाप बरेठ, अश्वनी चंद्रा, सहदेव चंद्रा, गुलजार सिंह, जयकुमार राठौर, निहाल सोनी, गोप लाल राठिया, लखन चंद्रा, श्याम साहू, भद्रासन पंडित, सुरेंद्र राजवाड़े, जोन कमिश्नर एनके नाथ, पीयूष राजपूत, अश्वनी दास, अंजुला अनंत, बाबूलाल चंद्रा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button