Chhattisgarh

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर सात माह का समरसता संकल्प अभियान चलाएगी भाजपा

कोरबा, 28 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 तक सात माह तक चलेगा। अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास के बेगमपुरा दर्शन तथा सामाजिक समरसता के संदेश को देश के हर गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा।

यह जानकारी मंगलवार को कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, नवीन अरोरा, रीतू चौरसिया एवं अजय वैष्णव ने संयुक्त रूप से दी।

भाजपा नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत पहला कार्यक्रम 28 जुलाई को वाराणसी स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलशों के पूजन के साथ शुरू हुआ। 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलश पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर के बीच जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश देशभर के 21 हजार स्थानों तक पहुंचाए जाएंगे। वहीं, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के 51 हजार मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन होगा। वाराणसी के गंगा घाटों पर भी भव्य दीपमाला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि 29 जुलाई से 15 जनवरी तक भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी देशभर में संत-महात्माओं, धार्मिक नेताओं, कथावाचकों, कीर्तन मंडलियों और भजन गायकों से संपर्क कर संत गुरु रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।

इसके अलावा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी तक एक माह की राष्ट्रव्यापी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान से होकर वाराणसी स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली पर संपन्न होगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास का बेगमपुरा का विचार एक ऐसे समाज की परिकल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, दुख और चिंता न हो। पार्टी इस अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button