Chhattisgarh

अतिथि शिक्षकों की हड़ताल पर सरकार सख्त, 27 जुलाई तक स्कूल लौटने का दिया अल्टीमेटम, निर्धारित समय सीमा तक ड्यूटी जॉइन नहीं करने पर गिरेगी गाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों की जारी हड़ताल के बीच राज्य सरकार ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला देते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि हड़ताल पर बैठे सभी अतिथि शिक्षक 27 जुलाई 2026 तक अपनी-अपनी शालाओं में वापस लौटकर अध्यापन कार्य शुरू करें। निर्धारित समय-सीमा तक कार्य पर वापस नहीं आने वाले अतिथि शिक्षकों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएंगी।


लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा आज 23 जुलाई 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य की शासकीय शालाओं में अध्यापन व्यवस्था के तहत कार्यरत अतिथि शिक्षक पिछले कुछ दिनों से हड़ताल पर हैं। इसके कारण नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जो छात्र-छात्राओं के हित में नहीं है।

डीपीआई ने अपने आदेश में कहा है कि अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार शाला प्रबंध समिति के माध्यम से की गई थी। ऐसे में संबंधित शाला प्रबंध समितियां सभी हड़ताली अतिथि शिक्षकों को 27 जुलाई 2026 तक विद्यालय में उपस्थित होकर अध्यापन कार्य प्रारंभ करने के लिए निर्देशित करें।

आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि यदि निर्धारित तिथि तक कोई अतिथि शिक्षक कार्य पर वापस नहीं लौटता है, तो 24 जून 2019 को जारी दिशा-निर्देशों की कंडिका 7.3 के तहत उसकी अध्यापन व्यवस्था तत्काल समाप्त कर दी जाएगी। यह निर्देश प्रभारी संचालक, लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ की ओर से जारी किया गया है।

देखें आदेश

Related Articles

Back to top button