Chhattisgarh

अकलतरा में युवती से छेड़छाड़, मारपीट और मोबाइल लूट का मामला: चंद घंटों में दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और तीन मोबाइल जब्त

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट, वीडियो बनाकर अपमानित करने और मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन तथा वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना अकलतरा में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ अकलतरा क्षेत्र स्थित नहर के पास बैठकर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और दोनों का मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे। जब पीड़िता और उसके साथी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट की और युवती की बेइज्जती करने की नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 296, 115(2), 309(1) एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर तत्काल विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम खटोला निवासी बीरू धीवर (30 वर्ष) और ओमकिशन उर्फ ओमी धीवर (20 वर्ष) के रूप में की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना अकलतरा के प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी त्वरित कार्रवाई से गंभीर वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा संभव हो सका।

Related Articles

Back to top button