राहुल गांधी के प्रदर्शन को सीएम साय ने बताया निंदनीय, बोले- नेता प्रतिपक्ष पद की मर्यादा का रखें ध्यान

रायपुर, 22 जुलाई । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नहीं की जाती। ऐसा आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, नीट पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह गंभीर है। मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पेपर लीक की घटना को ‘पाप’ बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई का संकल्प व्यक्त किया है। सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि, परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ दोबारा आयोजित किया गया और उसका परिणाम भी जारी हो चुका है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर युवाओं की भावनाओं का सहारा लेकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतंत्र की मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस प्रकार के कृत्यों को स्वीकार नहीं करेगी।




