Chhattisgarh

कर्रा नाला जलाशय की मरम्मत मिशन मोड पर, कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा; राहत शिविरों में हर सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमीसोनार स्थित कर्रा नाला जलाशय में चल रहे मरम्मत और राहत कार्यों को प्रशासन ने मिशन मोड में जारी रखा है। शनिवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने एक बार फिर मौके पर पहुंचकर जलाशय की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। प्रशासन की प्राथमिकता जलाशय की शीघ्र मरम्मत, प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा और राहत शिविरों में रह रहे लोगों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और तकनीकी टीमों को क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य बिना किसी रुकावट के लगातार जारी रखा जाए और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करें, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

कलेक्टर ने विद्युत विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मरम्मत कार्य में बिजली आपूर्ति बाधित न हो। इसके लिए जरूरत पड़ने पर जनरेटर की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि मशीनों और तकनीकी उपकरणों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न आए।

स्वास्थ्य विभाग को राहत शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मेडिकल टीमों की लगातार तैनाती, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कोटमीसोनार स्थित राहत शिविर का भी दौरा किया। उन्होंने वहां रह रहे प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्रा नाला जलाशय की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं, ताकि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button