अम्बिकापुर में नाबालिग का खूनी हमला: युवक के गले समेत तीन जगह चाकू मारे, हालत गंभीर

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर में मंगलवार देर शाम चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। एक नाबालिग ने एक युवक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के गले समेत शरीर के तीन स्थानों पर गहरे घाव आए हैं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के कारणों और विवाद की पृष्ठभूमि का पता लगाने में जुटी है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।




