Chhattisgarh

CG: कोरबा में थाना परिसर से जब्त ट्रेलर में चोरी ! पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कोरबा 12 जुलाई 2026। कोरबा जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला बांकीमोंगरा थाना परिसर का है, जहां पुलिस अभिरक्षा में जब्त ट्रेलर के केबिन का शीशा तोड़कर कथित रूप से अज्ञात चोर सामान चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह घटना थाना परिसर के भीतर हुई, जहां सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं पुलिस के पास थी। इस घटना ने बांकी मोंगरा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला बांकीमोंगरा थाना परिसर का है। बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्टर संजय यादव की 18 चक्का ट्रेलर क्रमांक सीजी 30 एफ 8112 को 20 जून 2026 को खनिज विभाग ने अवैध गिट्टी परिवहन के मामले में जब्त किया था। कार्रवाई के बाद वाहन को पुलिस अभिरक्षा में बांकीमोंगरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया था। माइनिंग विभाग की कार्रवाई के बाद वाहन मालिक को भरोसा था कि थाना परिसर में वाहन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। बताया जा रहा है कि आज रविवार सुबह जब वाहन मालिक थाना पहुंचा, तो ट्रेलर के केबिन का कांच टूटा मिला।

अंदर जाकर जांच करने पर वाहन के केबिन में रखा जैक-रॉड, साउंड बॉक्स समेत अन्य सामान चोरी हो चुके थे। थाना परिसर में खड़े वाहन में हुए इस चोरी की घटना के बाद वाहन मालिक भी हैरान रह गया। उसने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसे देख थाना में मौजूद जवान भी भौचक रह गये। इस घटना के आम होने के बाद अब लोग पुलिस की कार्य प्रणाली कोे लेकर सवाल उठा रहेे है। वाहन मालिक औैर आम लोगों का कहना है कि जब थाना परिसर में खड़े वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या भरोसा रहेगा।

CCTV भी नहीं आया काम
मामले में जब वाहन मालिक ने चोरी की जानकारी जुटाने के लिए पुलिसकर्मियों से थाने में लगे सीसीटीवी की जानकारी ली, तो पता चला कि थाना परिसर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं। लेकिन जिस स्थान पर ट्रेलर खड़ा था, वहां कैमरों की कवरेज नहीं थी। ऐसे में पूरी वारदात कैमरे में कैद नहीं हो सकी और पुलिस के पास फिलहाल कोई ठोस सुराग भी नहीं है।

शिकायत की तैयारी में ट्रांसपोर्टर
बताया जा रहा है कि थाना परिसर में हुई इस चोरी को लेकर ट्रांसपोर्टर ने स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन वह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करने की तैयारी में है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन थाना परिसर के भीतर हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंच पाती है या फिर यह घटना भी अनसुलझे मामलों की सूची में शामिल हो जाती है। ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा।

Related Articles

Back to top button