कोरबा में नाबालिग वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन, स्कूलों के पास चलाया गया विशेष अभियान

कोरबा, 09 जुलाई । सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ आज विशेष अभियान शुरू किया है। स्कूलों के आसपास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले नाबालिगों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभिभावकों से भी बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं देने की अपील की है।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाया गया। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, डीएसपी डी.के. सिंह, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, एएसआई मनोज राठौर तथा एएसआई ईश्वरी लहरे सहित यातायात पुलिस की टीम स्कूलों के आसपास मौजूद रही और वाहनों की सघन जांच की।
जांच के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया एवं अन्य वाहन चलाते मिले नाबालिगों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच की और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनकी और अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। इसी उद्देश्य से स्कूलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।भौगोलिक संदर्भ
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन मालिक एवं अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो।




