नाले में मिली महिला की अर्धनग्न लाश: इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला की लाश नाले के अंदर अर्धनग्न हालत में मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी है। यह पूरा मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि लोगों ने रेलवे परिसर के पास तितली चौक के नाले में एक महिला की अर्धनग्न हालत में लाश देखी, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र 40 से 45 साल के आसपास बताई जा रही है। महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर को सभी थानों में भेजा गया है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल सभी पहलूओं से मामले की जांच जारी है।




