डॉक्टर्स डे पर आईएमए-आईडीए का खेल महोत्सव, चिकित्सकों ने दिया ‘स्वस्थ डॉक्टर-स्वस्थ समाज’ का संदेश

कोरबा। डॉक्टर्स डे के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) एवं इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) की कोरबा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में एमपी नगर स्थित मनोरंजन गृह में खेल महोत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच आपसी समन्वय, खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यू.एस. जायसवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने किया। इस दौरान आईएमए एवं आईडीए के पदाधिकारी तथा जिले के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
खेल महोत्सव में जिले के 60 से 70 चिकित्सकों और दंत चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां चिकित्सकों ने यह संदेश दिया कि व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद नियमित व्यायाम और खेलकूद को दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
आईएमए कोरबा के अध्यक्ष डॉ. एस. चंदानी और सचिव डॉ. अजय स्वर्णकार ने कहा कि चिकित्सक समाज को स्वस्थ रखने का दायित्व निभाते हैं, इसलिए उनका स्वयं शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की।
आईडीए कोरबा के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य केवल बीमारियों के उपचार से नहीं, बल्कि संतुलित और अनुशासित जीवनशैली से प्राप्त होता है। खेलकूद न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है। ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन अवसर पर सभी चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से केक काटकर डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं एक-दूसरे को दीं। साथ ही “स्वस्थ डॉक्टर, स्वस्थ समाज” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा नियमित खेल, व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी दोहराया।




